
डिजिटल डेस्क: उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर न सिर्फ अभ्यर्थियों में बल्कि पुलिस में भी हलचल तेज नजर आ रही है। परीक्षा में कोई चूक या गलती न हो इसके लिए पुलिस-प्रसाशन भी लगातार सख्ती बरते है। इस बीच शुक्रवार यानी 16 फरवरी को यूपी STF ने सॉल्वर गैंग पर एक्शन लेते हुए बड़ी कामयाबी हांसिल की है। खबर है कि, कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में एसटीएफ ने कल रात दो युवकों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों अपराधी उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती में नौकरी दिलाने का लालच देकर लोगों से ठगी का काम करते थे।
STF को मिली थी दोनों की सूचना
दरअसल, उत्तर प्रदेश एसटीएफ को कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के नाम पर ठगी करने वाले गैंग के सक्रिय होने के सम्बन्ध में सूचना मिली थी। मिली जानकारी के अनुसार कानपुर साउथ के थाना हनुमन्त बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत कल देर रात 2 साल्वर पकड़े गए। STF को मुखबरी मिली थी कि कुशवाहा टेन्ट हाऊस के पास कुछ लोग दो लोगो से मिलने आये है। इनके पास कई अभ्यार्थियों के प्रवेश पत्र भी मौके पर मौजूद हैं। जिसके बाद STF और हनुमंत विहार थाने की फोर्स ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए मौके पर पहुंची, जहां कुशवाहा टेन्ट हाउस के पास खड़े दो युवक नाम- नितिन तोमर और सार्थक यादव को मौका-ए-वारदात से गिरफ्तार किया गया।
प्रतियोगी परीक्षाओं में लोगों को पहले भी बना चुके हैं शिकार
इस दौरान पुलिस के पूछताछ में सार्थक यादव ने बताया कि, “वह खुद भी पुलिस भर्ती परीक्षा का अभ्यार्थी है। ऐसे में वो अपने दूसरे साथी नितिन तोमर से इसी परीक्षा के सम्बन्ध में कुछ बात करने आया था। वहीँ, पुलिस पूछताछ में नितिन तोमर बताया कि वह पेशे से ड्राइवर है। यह कोई पहले मौका नहीं है जब नितिन ने ऐसा कोई अपराध किया हो। इससे पहले वो एम्बुलेंस चालक 102, 108 की नियुक्ति के नाम पर भी ठगी कर चूका है। उसी समय उसकी मुलाकात 108 एम्बुलेंस चलाने वाले हंसराज यादव से हुई। नितिन की उसी से प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर आउट करने और साल्वर से परीक्षा प्रश्न हल कराने की बात हुई थी।
हंसराज यादव ने भेजा था 42 अभ्यर्थियों का एडमिट कार्ड
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन दोनों के पास से पुलिस को 42 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की फोटो कॉपी बरामद हुई है। दरअसल, हंसराज से बात होने के बाद नितिन को उसके वॉट्सऐप पर उसने करीब 42 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र भेजे थे। इन्हीं अभ्यर्थियों से उसने पुलिस भर्ती परीक्षा में पास कराने की बात की थी। नितिन ने सभी प्रवेश पत्र सार्थक के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दिए थे। जिसके दोनों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से फर्जी पेपर सेट कर लोगों को ठगने का प्लान तैयार किया था।
अभ्यार्थियों से एडवांस के नाम पर रुपये भी लिए
दोनों ने अपने विश्वसनीय सूत्रो से परीक्षा के पेपर सम्बन्धी जानकारियाँ प्राप्त कर कोचिंग सेंटरो के माध्यम से मॉडल प्रश्नपत्र को असली बताकर हंसराज को भेजने की योजना बनाई थी। इतना ही नहीं हंसराज ने कुछ अभ्यार्थियों से एडवांस के नाम पर रुपये भी लिए थे। यह दोनों भी इसी तरह हंसराज को प्रश्न पत्र भेजकर रुपये कमाने की योजना बना रहे थे। मगर एसटीएफ ने इन लोगों को पकड़ कर इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
बता दें कि, गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना हनुमंत बिहार कमिश्नरेट कानपुर, पर मु०अ०सं० / 2024 धारा-419/420 भांदवि० का FIR पंजीकृत कराया गया है। ये पूरी कार्रवाई थाना स्तर पर हो रही है।









