
उत्तर प्रदेश में हुए पेपर लीक मामले से जुडी बड़ी खबर सामने आई है। जहां बुधवार यानी 3 अप्रैल को यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले से जुड़े मुख्य आरोपी राजीव नयन मिश्रा UP STF के हत्थे चढ़ गया है। खबर है कि UP STF की नोएडा यूनिट ने उससे गिरफ्तार किया है। आरोपी राजीव नयन मिश्रा इससे पहले भी कई बड़े एग्जाम के पेपर लीक करवा चुका है। इस मामले में वो जेल भी जा चुका है। राजीव की तलाश में कई दिनों से यूपी पुलिस और STF लगी हुई थी।
बता दें कि इस मामले में अब तक 300 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हाल ही में इस मामले को योगी सरकार ने इस मामले से जुड़े जांच और कार्रवाई को UP STF के हाथों में सौंप दिया था। जिसके बाद STF इस मामले में लगातार कार्रवाई करते नजर आ रहा था। इस बीच इस मामले से जुड़े मुख्य आरोपी राजीव नयन मिश्रा को STF ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा के परी चौक से गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजीव कई मामलों में जेल काट चुका है। इससे पहले वो NHM घोटाले में ग्वालियर से और यूपी टेट पेपर लीक में कौशांबी से जेल जा चुका है।
दरअसल, 17 और 18 फरवरी 2024 को उत्तर प्रदेश में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित किया गया था। जिससे जुड़े पेपर कई घंटों पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। इस मामले के संज्ञान में आने के बाद पूरे राज्य में छात्रों ने जमकर हंगामा किया था। इस दौरान लाखों परीक्षार्थियों ने इस पेपर में भाग लिया था। ये परीक्षा करीब 60 हजार पदों के लिए आयोजित की गई थी।
जब इस मामले ने तूल पकड़ना शुरू किया तो उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा को निरस्त करने का आदेश देते हुए 6 महीने में इस पेपर को दोबारा करवाने का निर्देश दिया था।









