‘X’ पर बड़ा साइबर अटैक, कोई बड़ी कंपनी या देश ने …, एलन मस्क ने दी जानकारी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के यूजर्स को सोमवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। यूजर्स एक्स पर कुछ भी सर्च नहीं कर पा रहे थे। अब इसकी वजह सामने आ गई है। बताया गया कि ‘X’ पर बड़ा साइबर अटैक हुआ था, जिससे सेवाएं ठप हो गई थीं। इस बारे में प्लेटफॉर्म के मालिक एलन मस्क ने ‘X’ पर पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके पीछे कोई समूह या कोई देश भी हो सकता है।

एलन मस्क का बयान

एलन मस्क ने पोस्ट में लिखा, “X पर एक बड़ा साइबर हमला हुआ है। इसके पीछे के लोगों की पहचान की जा रही है। हम पर हर दिन हमले होते हैं, लेकिन इस बार यह बड़े पैमाने पर किया गया। इसमें या तो एक बड़ा समन्वित समूह या कोई देश शामिल हो सकता है।”

तीन बार आया व्यवधान

देशभर में ‘X’ के डाउन होने की समस्या देखी गई। इस दौरान पूरे दिन में तीन बार प्लेटफॉर्म प्रभावित हुआ, और हर बार लगभग एक घंटे तक सेवाएं बाधित रहीं। एक यूजर ने लिखा, “क्या ट्विटर डाउन है? किसी और को भी यह समस्या हो रही है?” वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा, “ऐसा लगता है कि कोई नहीं चाहता कि X सफल हो। इसके पीछे कौन हो सकता है?”

2022 में मस्क ने किया था अधिग्रहण

एक्स के डाउन होने के बाद कई यूजर्स ने फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी शिकायतें साझा कीं। अक्टूबर 2022 में एलन मस्क ने ‘X’ का अधिग्रहण किया था, जिसके बाद बड़े पैमाने पर छंटनी हुई थी और कई बड़े अधिकारियों को हटा दिया गया था।

बता दें कि अब ‘X’ की सभी सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं, और सर्चिंग में किसी तरह की दिक्कत नहीं आ रही है। हालांकि, प्लेटफॉर्म के डाउन होने के बाद अब भी कई यूजर्स सवाल कर रहे हैं कि क्या पोस्ट किया जा सकता है और क्या सभी फीचर्स सामान्य रूप से चल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button