
राजधानी दिल्ली में भाजपा की कोर बैठक में उत्तर प्रदेश की 25 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन किया गया। इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहें। इस दौरान पार्टी ने सहयोगियों की दी जाने वाली सीटों पर भी चर्चा की। इस बीच सूत्रों ने बताया है कि बाराबंकी में उपेन्द्र रावत के स्थान पर नया चेहरा उतारने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही NDA की सहयोगी अपना दल (एस) को दो सीटें देने पर सहमति बनी है। अपना दल (एस) को उनकी पुरानी सीट मिर्जापुर और राबर्टसगंज (सुरक्षित) सीट ही दी जाएगी। वहीं, इस बैहक़ में पार्टी ने कुछ मौजूदा सांसदों का टिकट काट कर नए चेहरों को देने पर भी चर्चा की है।
दरअसल, बीत सोमवार यानी 18 मार्च को भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में भाजपा ने आगामी चुनाव को लेकर कई अहम् मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान बाराबंकी सीट से उम्मीदवार बनाए गए उपेन्द्र रावत से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद उनके स्थान पर दूसरा उम्मीदवार उतारने पर भी चर्चा की गई।
सूत्रों से मिली खबर के अनुसार मेनका गांधी और उनके पुत्र वरुण गांधी को चुनाव लड़ाने को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई है। ऐसा बताया जा रहा है कि कोर कमेटी में दोनों में से किसी एक को ही टिकट देने की योजना बनाई है। खबर है कि पार्टी मेनका को सुल्तानपुर से उतारने पर विचार कर रही है। वहीं, पीलीभीत से जितिन प्रसाद या केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा के नाम पर चर्चा हुई है। इसी तरफ बरेली से संतोष गंगवार की जगह महापौर उमेश गौतम और हरिशंकर गंगवार के नाम पर विचार किया है। पार्टी ने बरेली से हरिशंकर गंगवार के नाम पर भी विचार कर रही है।
इन सीटों पर बदलें उम्मीदवार
- बाराबंकी सीट पर मौजूदा सांसद उपेन्द्र रावत के स्थान पर पूर्व नौकरशाह राम बहादुर और पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक कुशमेश को चुनाव लड़ाया जा सकता है।
- रायबरेली से सपा विधायक मनोज पाण्डेय और कैसरगंज से बृजभूषण सिंह की पत्नी केतकी देवी सिंह या लड़के करण भूषण सिंह मैदान में उतारे जा सकते हैं।
- मेरठ सीट पर अभिनेता अरुण गोविल, कुमार विश्वास और कैंट विधायक अमित अग्रवाल और गाजियाबाद सीट पर मौजूदा सांसद जनरल वीके सिंह के साथ ही अनिल अग्रवाल या अनिल जैन के नाम पर भी चर्चा हुई।
- प्रयागराज से पूर्व नौकरशाह संजय मिश्रा और अभिलाषा नंदी पर चर्चा हुई।
- गाजीपुर से मनोज सिन्हा के बेटे अभिनव सिन्हा के नाम पर चर्चा हुई।
- देवरिया से मौजूदा सांसद रमापति राम त्रिपाठी को दोबारा मौका देने पर चर्चा हुई।
- बलिया सीट से नीरज शेखर या आनन्द स्वरूप शुक्ला के नाम पर विचार किया गया।
- कानपुर सीट से मौजूदा सांसद सत्यदेव पचौरी की बेटी नीतू सिंह और सतीश महाना के नाम पर विचार किया गया।
- मैनपुरी सीट पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को लड़ाने पर रायशुमारी की गई।
- सहारनपुर सीट पर पूर्व मंत्री सुरेश राणा और राघव लखन पाल के नाम पर चर्चा की गई
1-2 दिन में जारी हो सकती है उम्मीदवारों की सूची
सूत्रों से मिली खबर के अनुसार यूपी समेत विभिन्न प्रदेश के लिए उम्मीदवारों के चयन के मुद्दे पर कोर कमेटी की बैठक के बाद अब PM मोदी की मौजूदगी में केन्द्रीय चुनाव समिति बैठक हो सकती है। इसके बाद लोकसभा सीटों के उम्मदीवारों की तीसरी सूची जारी हो सकती है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि होली के एक या दो दिन पहले सूची जारी हो सकती है।









