
वाराणसी के ज्ञानवापी विवाद से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। ज्ञानवापी परिसर के वजूखाने का भी ASI से सर्वेक्षण कराए जाने की मांग वाली अर्जी पर सुनवाई टाल दी गई है। अब मामले की अगली सुनवाई 31 जनवरी को हो सकती है।
ज्ञानवापी परिसर के वजूखाने का भी ASI से सर्वेक्षण कराए जाने की मांग वाली अर्जी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज सुनवाई नहीं हो सकी। जस्टिस मनीष कुमार निगम ने खुद को सुनवाई से अलग कर लिया है। मामला चीफ जस्टिस को रेफर कर दिया गया है। अब चीफ जस्टिस द्वारा नामित कोई नई बेंच मामले की सुनवाई करेगी।
आपको बता दें कि वाराणसी की जिला अदालत के फैसले के खिलाफ राखी सिंह की तरफ से याचिका दाखिल की गई है। याचिका में वाराणसी के जिला जज द्वारा वजूखाने के हिस्से में भी ASI से सर्वेक्षण कराए जाने की मांग ठुकराए जाने के आदेश को चुनौती दी गई है। जिला जज वाराणसी के 21 अक्तूबर 2023 के आदेश को चुनौती दी गई है। यह जानकारी राखी सिंह के वकील सौरभ तिवारी ने दी है।








