
भारत के लिए खेल जगत से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल ने ओडिशा को साल 2028 में होने वाली विश्व एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी है। यह पहली बार होगा जब भारत किसी वैश्विक इनडोर ट्रैक एंड फील्ड चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा।
यह फैसला पोलैंड के टोरुन में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल की 240वीं बैठक में लिया गया। इस दौरान 2030 की चैंपियनशिप कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना को दी गई, जबकि 2028 की वर्ल्ड रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप चीन के हेफेई को सौंपी गई।
वर्ल्ड एथलेटिक्स के अध्यक्ष सेबेस्टियन कोए ने इस मौके पर कहा कि ओडिशा और अस्ताना को मेजबानी देना खेल को नए और उभरते बाजारों तक पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने भारत में एथलेटिक्स के बढ़ते प्रभाव और ओडिशा के मजबूत खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इसे पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में राज्य ने खेलों के विकास के लिए बड़े स्तर पर निवेश किया है और अब यह अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन भारत में खेल संस्कृति को और मजबूत करेगा और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा।
यह चैंपियनशिप 3 से 5 मार्च 2028 के बीच आयोजित होगी। इससे पहले ओडिशा 2017 में एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप और वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर जैसे बड़े आयोजन सफलतापूर्वक करा चुका है।
वहीं 2030 में अस्ताना में होने वाली चैंपियनशिप के जरिए एथलेटिक्स को नए बाजारों में विस्तार मिलेगा। इसके अलावा चीन का हेफेई 2028 में वर्ल्ड रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा।
भारत को मिली इस बड़ी जिम्मेदारी से खेल जगत में उत्साह का माहौल है और इसे देश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








