
पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पटना हाई कोर्ट ने जेडीयू विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव मर्डर केस में जमानत दे दी है। इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि अनंत सिंह हाल ही में मोकामा सीट से चुनाव लड़ रहे विधायक बने थे, लेकिन जेल में होने के चलते उनका शपथ ग्रहण देर में हुआ था ।
यह मामला 30 अक्टूबर 2025 का है, जब 75 वर्षीय दुलारचंद यादव, जो पूर्व बाहुबली और जन सुराज पार्टी के समर्थक थे, की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के तारतर गांव के पास हुई थी, जहां बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार के दौरान जेडीयू और जन सुराज पार्टियों के बीच विवाद और फायरिंग हुई थी। इसी दौरान दुलारचंद यादव को गोली लगी, जिससे उनकी मौत हो गई।
हत्या के इस मामले में अनंत सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने उन्हें 1 नवंबर 2025 की रात गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेज दिया था। इस मामले में कुल 80 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जिससे यह मामला और भी गंभीर बन गया।
अब, महज तीन महीने के भीतर अनंत सिंह को जमानत मिलने राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इस फैसले का असर बिहार की सियासत पर साफ तौर पर देखने को मिल सकता है।









