
बिहार की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय से राज्य के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। करीब 20 वर्षों तक मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनके इस फैसले ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
बता दें, इस्तीफा देने से पहले सुबह 11 बजे नीतीश कुमार ने अपनी सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक की, जिसमें उन्होंने मंत्रियों और विधायकों को संबोधित किया। इसके बाद वे राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया।
इस्तीफे के बाद अब राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। इसी बैठक में यह तय किया जाएगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत कर सकता है। फिलहाल सभी की नजरें एनडीए की बैठक पर टिकी हैं, जहां नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान होने की संभावना है।









