
बिजनौर। जिले के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव जलालपुर में रहने वाले एक दंपती के शव मंगलवार को सदपुरा-जलालपुर के जंगल में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव गंगा किनारे कम पानी में मिला, जबकि करीब एक किलोमीटर दूर पति का शव तार के सहारे पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला?
जलालपुर गांव निवासी देशराज सोमवार सुबह अपनी पत्नी सुषमा के साथ लकड़ी काटने के लिए सदपुरा-जलालपुर के जंगल में गया था। दोपहर दो बजे तक जब दंपती वापस नहीं लौटे, तो उनका बेटा उन्हें तलाशने के लिए जंगल में गया, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। दंपती के लापता होने की सूचना पर मंगलवार सुबह शहर कोतवाली पुलिस और वन विभाग के रेंजर महेश गौतम जंगल में पहुंचे और तलाश शुरू की।
शवों की हालत से उठे कई सवाल
जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या गला घोंटकर की गई है। पति के शरीर पर पत्नी की सलवार पहनी हुई थी, जबकि उसका ऊपरी हिस्सा नग्न था। महिला का शव गंगा किनारे कम पानी में पड़ा मिला, जबकि पति का शव तार से पेड़ से लटका हुआ मिला। इन विसंगतियों ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।









