
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 8 उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। पार्टी ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को अपना प्रत्याशी बनाया है। इस सूची में संगठन के प्रति निष्ठा, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व का विशेष ध्यान रखा गया है।
उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों के लिहाज से इस सूची को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीजेपी ने अपनी रणनीति के तहत ओबीसी समुदाय को मजबूत प्रतिनिधित्व दिया है, जिसमें प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह (लोधी समाज) और प्रकाश पाल का नाम शामिल है। वहीं, सामाजिक संतुलन साधने के लिए पार्टी ने राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडेय के रूप में दो ब्राह्मण चेहरों को मौका दिया है।
दलित समाज का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूर्वांचल के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधान परिषद सदस्य विद्यासागर सोनकर पर भरोसा जताया गया है। इसके अलावा, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत और संगठन से जुड़े राम प्रताप सिंह चौहान व श्रुति गंगवार के जरिए पार्टी ने महिलाओं और क्षेत्रीय समीकरणों को भी साधने का प्रयास किया है।









