
उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज है। इस बीच भाजपा के सहयोगी निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने बड़ा बयान देते हुए सरकार पर निशाना साधा है। संजय निषाद ने कहा कि भाजपा ने अपने वादों को पूरा नहीं किया, जिससे निषाद समाज में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा समय पर अपने वादे पूरे नहीं करती, तो लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी उसे खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
संजय निषाद ने यह भी कहा कि भाजपा ने निषाद राज जन्मोत्सव पर सरकारी अवकाश देने की बात कही थी, लेकिन अब तक यह लागू नहीं हुआ। उन्होंने आगे कहा कि आज भी कई अधिकारी पिछली सरकारों के लिए काम कर रहे हैं और इसका भुगतान वर्तमान सरकार को भुगतना पड़ रहा है।
प्रयागराज में अवैध मस्जिद को हटाने के मामले में संजय निषाद ने कहा कि वहां के अधिकारियों ने कागज़ों में घोटाला किया है, इसलिए निषाद पार्टी धरने पर बैठी थी। उन्होंने शौकत अली के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनका यह बयान सही नहीं है और ऐसे लोग मानसिकता में यही रहते हैं।
विदेश नीति पर बोलते हुए संजय निषाद ने कहा कि ईरान और इज़राइल के बीच युद्ध किसी भी दशा में ठीक नहीं है और उनका मानना है कि यह युद्ध जल्द से जल्द बंद होना चाहिए। संजय निषाद के इन बयानों से साफ है कि भाजपा के सहयोगियों में नाराजगी बढ़ रही है और चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण पर इसका प्रभाव पड़ सकता है। उनका यह बयान न केवल पार्टी की स्थिति को दर्शाता है, बल्कि आगामी चुनावी रणनीतियों पर भी असर डाल सकता है।









