पुलिस पर भड़के बीजेपी सांसद साक्षी महाराज, इंस्पेक्टर और सीओ को लगाई फटकार, अखिलेश यादव ने कसा तंज

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बीजेपी सांसद साक्षी महाराज का पुलिस की कार्यशैली पर गुस्सा फूट पड़ा। मौरांवा के पहाड़पुर गांव में बुजुर्ग रामस्वरूप की मौत के बाद उनके परिजनों से मिलने पहुंचे सांसद ने मौरांवा इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह और सीओ अरविंद चौरसिया को जमकर फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर लापरवाही और दलाली के आरोप लगाए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इंस्पेक्टर से बोले- काहे के बहादुर हो तुम?

मृतक रामस्वरूप के परिजनों से बातचीत के बाद साक्षी महाराज ने मौरांवा इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह को बुलाया और उनका नाम पूछा। इसके बाद उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “काहे के बहादुर हो तुम? अगर तुम बहादुर होते तो तुम्हारे राज में ये होता क्या?”

सांसद ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सब लोग दलाली करते रहते हैं और उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी पुलिस उन्होंने कहीं नहीं देखी।

आधा दर्जन से ज्यादा लोग चोटिल, क्रॉस केस पर भी जताई नाराजगी

पुलिस की कार्रवाई से नाराज साक्षी महाराज ने कहा कि इस मामले में आधा दर्जन से ज्यादा लोग चोटिल हुए हैं और एक व्यक्ति के सिर पर 25 टांके लगे हैं, लेकिन पुलिस ने मामले में लीपापोती कर दी। उन्होंने क्रॉस केस दर्ज किए जाने पर भी सवाल उठाए।

इसके बाद सांसद ने सीओ अरविंद चौरसिया को भी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि थाना दलाली का अड्डा बना हुआ है।

जनता के बीच सांसद की पुलिस को चेतावनी

साक्षी महाराज ने जनता के बीच पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा, “मेरा तीसरा नेत्र न खुलने पाए, मैं बहुत आहत हूं। कार्रवाई करवाओ, सहायता न करो, सहायता मैं कर लूंगा।”

डेढ़ महीने बाद इलाज के दौरान बुजुर्ग की हुई मौत

दरअसल, पूरा मामला उन्नाव के मौरांवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव का है। यहां लोधी परिवार और यादव परिवार के बीच विवाद हुआ था, जिसमें बुजुर्ग रामस्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। करीब डेढ़ महीने बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद मामला गरमा गया और सांसद साक्षी महाराज ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कसा तंज

इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी के सांसद ही कह रहे हैं कि थाने दलाली के अड्डे बन गए हैं।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘हाथ कंगन को आरसी क्या, देखे-भोगे को ‘साक्षी’ क्या? जब सत्ताधारियों के अपने ही सांसद थानों को ‘दलाली का अड्डा’ घोषित कर रहे हैं तो भ्रष्ट शासन-प्रशासन के बारे में विपक्ष क्या बोले। उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज जी तो अपनी ही सरकार के महा-भ्रष्टाचार से हताश होकर कह रहे हैं: अपने जीवन में ऐसी (भ्रष्ट) पुलिस नहीं देखी। शिकायत बाहर निकलने का रास्ता भी होती है। भाजपा ही संकट है।’

Related Articles

Back to top button