
डिजिटल डेस्क: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर BJP भी अब अपनी तैयारियों में जुट चुकी है। अपने मिशन 2024 को लेकर शनिवार यानी 17 फ़रवरी से रविवार 18 फरवरी को पार्टी ने चुनावी प्रचार की रूप रेखा तय करने और सामूहिक रूप से संदेश देने के लिए अपने राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुलाई है। इस दौरान देश भर से लगभग 11,500 प्रतिनिधि 17 फरवरी से दिल्ली के भारत मंडपम में पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की इस बैठक में भाग लेंगे। ऐसे में सियासी जानकारों की मानें तो कल दिल्ली में होने वाली यह बैठक पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस बैठक में मौजूद नेताओं को PM मोदी ‘जीत का मंत्र’ देंगे।
बैठक में बुलाए गए बीजेपी के करीब 11500 नेता
पार्टी के इस बैठक के बारे में जानकारी देते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने बताया कि, “आगामी लोकसभा चुनाव में PM मोदी ने पार्टी के लिए 370 सीट जीतने और एनडीए गठबंधन के लिए 400 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य तय कर दिया है। उसी लक्ष्य को पाने के लिए दिल्ली में 11500 बीजेपी के प्रमुख नेता इस बैठक में बुलाए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि, “हमारी पार्टी की रेगुलर बैठक करना हमारे DNA में है और इस आधार पर हम शुरू से ही समय-समय पर राष्ट्रीय बैठक करते आए हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक के अलावा हमारी पार्टी सामान्यतः हरेक लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय अधिवेशन करती है जो 2014, 2019 लोकसभा चुनाव से पहले भी हो चुके हैं।”
पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के भाषण से होगी बैठक की शुरुआत
इस बैठक को लेकर आगे जानकारी देते हुए रविशंकर प्रसाद ने बताया कि, “इस राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरुआत 17 फरवरी को दोपहर 3 बजे होगी, जो की 18 फरवरी के शाम 4 बजे तक चलेगी। इस दौरान वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद होंगे। 17 फरवरी को सुबह 11 बजे से राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक शुरू हो जाएगी। बता दें कि इस बैठक की शुरुआत पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के भाषण से होगी और 18 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समापन भाषण के साथ यह बैठक ख़त्म हो जाएगी।
प्रधानमंत्री के अलावा ये मंत्री रहेंगे मौजूद
बता दें कि इस बैठक में PM मोदी और केंद्रीय मंत्रियों के अलावा पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, BJP शासित राज्यों के सभी मुख्य मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री, एमपी – एमएलए, सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला पंचायत के सदस्य, नगर पालिकाओं के अध्यक्ष, सभी जिलों के अध्यक्ष महामंत्री, मंडल अध्यक्ष के साथ ही लोकसभा विस्तारक और लोकसभा प्रभारी भी शामिल होंगे।
बैठक में इन प्रस्तावों को लाया जाएगा
मिली खबर के अनुसार इस बैठक में कुल 2 प्रस्ताव लाया जाएगा। जिसमें एक प्रस्ताव राजनीतिक होगा, मगर दूसरा प्रस्ताव आर्थिक और सामाजिक विषयों से जुड़ा हुआ होगा। पार्टी के अधिवेशन में आने वाले प्रस्तावों में राम मंदिर, महिला आरक्षण, समेत मोदी सरकार द्वारा गरीब, किसानों और युवाओं के लिए किए कामों का जिक्र भी किया जा सकता है।









