
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से एक बेहद दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बसोली क्षेत्र के एक CISF कैंप में आपसी बहस के बाद एक जवान ने अपने साथियों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। मंगलवार को हुई इस गोलीबारी की घटना में एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत कुल चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
बता दें, प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे बसोली के मशका गांव में स्थित सेवा-III पावर प्रोजेक्ट पर तैनात CISF यूनिट के भीतर हुई। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, किसी बात को लेकर जवानों के बीच आपस में तीखी बहस हो गई थी, जो इतनी बढ़ गई कि आरोपी CISF कर्मी अभिदेश सिंह ने अपनी सर्विस राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में जिन जवानों की जान गई है, उनमें असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, एसआई लक्ष्मण सिंह, कॉन्स्टेबल रफीक अहमद और कॉन्स्टेबल संदीप कुमार शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। वरिष्ठ अधिकारी इस बात की गहराई से जांच कर रहे हैं कि आखिर किन कारणों से दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ा कि नौबत यहां तक आ गई। आरोपी कर्मी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की प्रतीक्षा की जा रही है।









