
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान द्वारा सऊदी अरब में दिए गए एक बयान के बाद पाकिस्तान में खलबली मच गई है। सलमान खान ने हाल ही में बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग देश बताया था, जिसे लेकर पाकिस्तान की शहबाज सरकार गुस्से में है। पाकिस्तान ने सलमान खान को आतंकवादी घोषित कर दिया और फोर्थ सेड्यूल में डाल दिया है। इस पर पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसके अनुसार सलमान खान पर एंटी-टेररिज्म एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
पाकिस्तान ने क्यों किया सलमान खान को आतंकवादी घोषित?
पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने सलमान खान को फोर्थ सेड्यूल में डाला, जो आतंकवादियों की सूची है। इस लिस्ट में शामिल व्यक्ति पर पाकिस्तान में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, इस मामले में सलमान खान या उनके प्रतिनिधियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सलमान खान का बयान क्या था?
जॉय फोरम 2025 में सऊदी अरब के एक इवेंट में सलमान खान ने कहा, “ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं, हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है।” इस बयान में उन्होंने बलूचिस्तान का नाम पाकिस्तान से अलग लिया, जिससे पाकिस्तान में विवाद शुरू हो गया।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि सलमान ने जानबूझकर ऐसा कहा या यह एक अनजाना बयान था। सलमान के इस बयान के बाद बलूचिस्तान के अलगाववादी नेता खुशी व्यक्त कर रहे हैं और अभिनेता का धन्यवाद कर रहे हैं।
मीर यार बलूच, जो बलूचिस्तान को स्वतंत्र राष्ट्र बनाने की मांग करते हैं, ने कहा, “सलमान खान का बयान हमारे लिए खुशी लेकर आया है। उन्होंने जो किया है, वह बड़ी हिम्मत की बात है, जबकि कई बड़े देश इससे हिचकिचाते हैं।” मीर यार ने यह भी कहा, “सलमान ने सांस्कृतिक मान्यता के जरिए जो संदेश दिया, वह शक्तिशाली कूटनीति का उदाहरण है, जो बलूचिस्तान को स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता दिलाने की दिशा में प्रेरित कर सकता है।”
यह मामला अभी भी तूल पकड़ता जा रहा है, और सलमान खान के बयान ने पाकिस्तान और बलूचिस्तान के बीच राजनीतिक विवाद को एक नया मोड़ दिया है।









