
सुबह के नाश्ते में अगर रोज-रोज पोहा, उपमा या तेल-घी वाले पराठे खाकर आप बोर हो चुके हैं, तो कुछ नया और पौष्टिक ट्राई कर सकते हैं। Beetroot Moong Dal Dhokla स्वाद के साथ हल्के और पौष्टिक नाश्ते का अच्छा विकल्प है। पीली मूंग दाल प्रोटीन का स्रोत है, जबकि चुकंदर में आयरन, फाइबर और एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं।
बिना मैदा और सूजी के बनने वाला यह स्पंजी ढोकला देखने में भी आकर्षक लगता है। इसे बच्चों के टिफिन के लिए भी तैयार किया जा सकता है।
चुकंदर-मूंग दाल ढोकला बनाने के लिए सामग्री
- पीली मूंग दाल – 1 कप, 2-3 घंटे भीगी हुई
- चुकंदर – 1/2 कप, कद्दूकस किया हुआ या बारीक कटा
- हरी मिर्च – 2
- अदरक – 1 इंच का टुकड़ा
- दही – 2 से 3 बड़े चम्मच
- बेसन – 2 बड़े चम्मच
- ईनो या बेकिंग सोडा – 1 छोटा चम्मच
- नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
तड़के के लिए
- तेल – 1 बड़ा चम्मच
- राई – 1 छोटा चम्मच
- सफेद तिल – 1 छोटा चम्मच
- कढ़ी पत्ता – 8-10
- हरी मिर्च – 2, लंबाई में कटी हुई
ऐसे तैयार करें बैटर
सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल का पानी पूरी तरह निकाल लें। अब मिक्सर जार में मूंग दाल, कद्दूकस किया हुआ चुकंदर, हरी मिर्च, अदरक और दही डालें। थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए इसे स्मूथ बैटर में पीस लें।
अब गुलाबी बैटर को एक बड़े बर्तन में निकालें। इसमें बेसन, स्वादानुसार नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह फेंटें। बैटर न तो बहुत ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला।
ईनो डालकर तुरंत करें स्टीम
ढोकला मेकर या बड़ी कढ़ाई में करीब 2 गिलास पानी डालकर गर्म होने के लिए रख दें। ढोकला प्लेट या गहराई वाली स्टील की थाली को थोड़े तेल से ग्रीस कर लें।
अब बैटर में 1 छोटा चम्मच ईनो फ्रूट साल्ट या बेकिंग सोडा डालें। ऊपर से 1 चम्मच पानी डालकर एक ही दिशा में हल्के हाथों से मिलाएं। बैटर फूलने लगेगा।
तुरंत बैटर को ग्रीस की हुई प्लेट में डालें और गर्म स्टीमर में रखकर ढक्कन बंद कर दें। इसे मध्यम से तेज आंच पर करीब 12 से 15 मिनट तक स्टीम करें।
ऐसे चेक करें ढोकला पका है या नहीं
करीब 15 मिनट बाद चाकू या टूथपिक डालकर ढोकला चेक करें। अगर चाकू या टूथपिक साफ बाहर निकल आए तो ढोकला तैयार है।
इसे बाहर निकालकर करीब 5 मिनट ठंडा होने दें और फिर चौकोर टुकड़ों में काट लें।
तड़का लगाने का तरीका
एक छोटे पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, कढ़ी पत्ता, हरी मिर्च और सफेद तिल डालकर चटकाएं। तैयार तड़के को गर्मागर्म ढोकले के ऊपर बराबर फैला दें।
हरी चटनी के साथ करें सर्व
अब आपका Beetroot Moong Dal Dhokla तैयार है। इसे हरी धनिया-पुदीने की ताजी चटनी के साथ सर्व करें। यह स्वादिष्ट और स्पंजी नाश्ता सुबह के समय या बच्चों के टिफिन के लिए तैयार किया जा सकता है।









