बरेली में जीजा-साले की नदी में डूबकर मौत, नहाते समय हुआ हादसा, पुल पर खड़ा दोस्त लगाता रहा बचाने की गुहार

बरेली : यूपी के बरेली जिले में नदी में नहाते समय जीजा-साले डूब गए। तेज गर्मी के कारण दोनों गांव के पास कैलाश नदी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा दोस्त

घटना के समय साले का दोस्त नदी पर बने पुल पर खड़ा था। दोनों को डूबता देख वह चीखने-चिल्लाने लगा और लोगों से मदद की गुहार लगाने लगा। वह आधे घंटे तक चिल्लाता रहा, लेकिन जब तक गांव वाले मौके पर जमा हुए, तब तक दोनों गहरे पानी में डूब चुके थे।

गांव में मचा कोहराम

हादसे के बाद पूरे गांव में मातम फैल गया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। मामला भुता थाना क्षेत्र के अहिरौला गांव का है।

शादी 6 महीने पहले हुई थी

जिले के अहिरौला गांव का रहने वाला रोहित (24) अपने परिवार में 5 भाइयों में चौथे नंबर का था। सभी भाई एक बड़ी बहन हैं। बहन की शादी छह महीने पहले पीलीभीत जिले के थाना मुड़िया में रहने वाले विवेक से हुई थी।

प्राइवेट कंपनी में काम करते थे दोनो

घरवालों ने बताया कि विवेक और रोहित दोनों एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। विवेक शनिवार को अपनी ससुराल आया था। गर्मी से राहत पाने के लिए दोनों दोपहर 12 बजे गांव के पास कैलाश नदी में नहाने चले गए। नहाते समय जीजा विवेक और साला रोहित दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

वही सूचना मिलने के बाद भुता पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर NDRF को भी सूचित किया था। करीब छह गोताखोर नदी में उतरे और सर्च ऑपरेशन जारी रखा। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव बाहर आने पर परिवार वालों में कोहराम मच गया।

Related Articles

Back to top button