
आईपीएल 2026 के 13वें मुकाबले में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराया। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में बारिश से प्रभावित यह मैच केवल 11-11 ओवर का खेला गया। इस मैच में मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह कोई विकेट नहीं ले पाए। बुमराह लगातार तीसरे मैच में विकेट लेने में असफल रहे, जिससे उनके करियर में एक अनचाहा रिकॉर्ड बन गया।
बता दें, बुमराह के टी20 करियर में यह कम ही देखने को मिला है। 8 साल बाद यह हुआ कि दिग्गज तेज गेंदबाज ने लगातार 3 टी20 मुकाबलों में कोई विकेट नहीं लिया। उनके पूरे टी20 करियर में यह घटना केवल चौथी बार हुई है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बुमराह ने 3 ओवर में 32 रन दिए और 10.70 की इकोनॉमी रेट रही। बुमराह ने अब तक 273 टी20 मैचों में 345 विकेट लिए हैं, जिसकी औसत 1.26 विकेट प्रति मैच है। आईपीएल में उन्होंने 148 मैचों में 183 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 7.26 की रही।
वहीं, बुमराह ने आखिरी बार यह रिकॉर्ड आईपीएल 2016 में बनाया था। तब उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (4-0-35-0), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (4-0-28-0) और पंजाब (2-0-13-0) के खिलाफ लगातार तीन मैचों में कोई सफलता नहीं पाई थी। इसके अलावा उन्होंने 2017/18 में टी20 इंटरनेशनल और 2014 के आईपीएल सीजन में भी ऐसा कर चुके थे।
बता दें, मुकाबले की बात करें तो यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी के चलते राजस्थान ने 11 ओवर में 3 विकेट खोकर 150 रन बनाए। यशस्वी ने 32 गेंदों पर नाबाद 77 रन और वैभव ने 14 गेंदों पर 39 रन की अहम पारी खेली। दोनों की ओपनिंग पार्टनरशिप ने केवल 30 गेंदों में 80 रन जोड़े, जो राजस्थान की जीत तय करने में निर्णायक साबित हुई।
वहीं, मुंबई की ओर से जवाब में टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 123 रन ही बना पाई। वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद पर छक्का लगाकर सभी को चौंका दिया और उसी ओवर में दूसरा छक्का लगाकर मैच में अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इस प्रकार, बुमराह की हैट्रिक और मुंबई इंडियंस की हार ने आईपीएल 2026 में एक नया रिकॉर्ड दर्ज करवा दिया।









