
आजादी के मौके पर आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत ने छत्रसाल स्टेडियम में तिरंगा झंडा फहराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत भावनात्मक है, जिस दिन के लिए कई देश भक्तों ने जान की कुर्बानी दी उसी दिन दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री जेल में हैं।
आधुनिक स्वतंत्रता सेनानी हैं अरविंद केजरीवाल
कैलाश गहलोत ने स्वतंत्रता दिवस के समारोह में कहा कि अरविंद केजरीवाल जल्द ही जेल से बाहर आएंगे और अगले कई सालों तक झंडा फहराएंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल आधुनिक स्वतंत्रता सेनानी हैं, उन्होंने लोकतंत्र के खिलाफ खड़ी ताकतों के आगे झुकना नहीं बल्कि जेल जाना स्वीकार किया। कैबिनेट मंत्री गहलोत ने कहा कि देश को आजादी बेरोजगारी, अशिक्षिता और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने के लिए मिली थी न कि चुने हुए मुख्यमंत्री को जेल भेजने के लिए।
भारत का संविधान ताकतवर
कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि लोकतांत्रिक विरोधी ताक़तों ने केजरीवाल को दिल्ली के लिए फ़्री बिजली, शिक्षा, पानी और रोज़गार जैसे कार्य करने के लिए जेल भेजा है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान ताकतवर है। इस मुल्क को कोई भी ताकतवर कमजोर नहीं कर सकती है। इसका उदाहरण मनीष सिसोदिया हैं, जोकि 17 महीनों बाद जेल से बाहर आ गए हैं।








