
देश के जाने माने शास्त्रीय कलाकारों ने रागगीरी के सालाना कैलेंडर का विमोचन किया। ये आठवाँ साल है जब रागगीरी संस्था ने शास्त्रीय संगीत पर आधारित कैलेंडर रिलीज़ किया है। पद्मभूषण शास्त्रीय गायक पंडित साजन मिश्र के साथ विश्वविख्यात तबला वादक पंडित अनिंदो चटर्जी और बांसुरी वादक पंडित रोनू मजूमदार ने कैलेंडर रिलीज़ किया।

इस साल का कैलेंडर आज़ादी के अमृत महोत्सव को समर्पित है। इस कैलेंडर में 75 शास्त्रीय रागों के बारे में बताया गया है। रागगीरी संस्था का मक़सद लोगों में शास्त्रीय संगीत के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इससे पहले भारतीय शास्त्रीय संगीत के दिग्गज कलाकारों के साथ साथ उप शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय वाद्ययंत्र, शास्त्रीय घरानों पर भी संस्था ने कैलेंडर प्रकाशित किया है।

इस मौक़े पर पंडित साजन मिश्र ने कहाकि हमारा जीवन रागों से भरा हुआ है। विहान के राग, शाम के राग, ख़ुशी के राग, उदासी के राग, विरह के राग, मिलन के राग। कोई ऐसा भाव नहीं जिसपर कोई राग नहीं। इन्हीं रागों से हमारी दुनिया बहुरंगी बनती है। ये कैलेंडर इन्हीं रागों से नई पीढ़ी को परिचित कराता है।








