
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए NCR के प्रयागराज मंडल कार्यालय में छापेमारी की। यह कार्रवाई लोको पायलट की शिकायत के आधार पर की गई। CBI ने कार्रवाई के दौरान 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए APO और कार्यालय अधीक्षक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक, कानपुर में तैनात एक लोको पायलट ने तबादले के मामले में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत CBI से की थी। शिकायत के बाद जांच एजेंसी ने मामले की पड़ताल शुरू की और आरोपों की पुष्टि के लिए कार्रवाई की योजना बनाई।
इसी क्रम में CBI की टीम ने NCR के प्रयागराज मंडल कार्यालय में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए APO को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इसके साथ ही कार्यालय अधीक्षक राजेश मणि त्रिपाठी को भी गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि लोको पायलट के तबादले के मामले में रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
CBI की कार्रवाई के बाद रेलवे कार्यालय में हड़कंप मच गया। जांच एजेंसी मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल रिश्वतखोरी के इस मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।









