Chandauli: 1.40 करोड़ रुपये की अवैध शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई…

पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। सैयदराजा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से करीब 1.40 करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।

उत्तर प्रदेश: चंदौली जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। सैयदराजा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से करीब 1.40 करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं शराब से भरे ट्रक को भी सीज कर दिया गया है।

बता दें, पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नियमित वाहन चेकिंग अभियान के दौरान की गई। सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां लदी हुई मिलीं। जब पुलिस ने ट्रक में मौजूद लोगों से शराब से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

वहीं, जांच के दौरान ट्रक से 849 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई है। पूछताछ में पता चला कि यह शराब नोएडा से बिहार ले जाई जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण तस्कर अवैध तरीके से शराब की सप्लाई करने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। सैयदराजा थाना पुलिस ने बरामद शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से शराब तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। साथ ही पुलिस ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Related Articles

Back to top button