
डेस्क : छठ महापर्व आज बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दुनियाभर में भारतीय संस्कृति और आस्था की पहचान बन चुका है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इस पर्व की परंपराओं को महाभारत और रामायण काल से जोड़कर देखा जाता है। बिहार की धरती पर छठ पूजा के प्रचलन को लेकर सूर्यपुत्र कर्ण और माता सीता से जुड़ी कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं।
महाभारत काल और अंगराज कर्ण से जुड़ी है छठ पूजा की परंपरा
बता दे कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, बिहार में छठ पूजा को लोकप्रिय बनाने का श्रेय महाभारत काल के महान योद्धा और सूर्यपुत्र अंगराज कर्ण को दिया जाता है। प्राचीन काल में बिहार के भागलपुर और मुंगेर का क्षेत्र अंग देश के नाम से जाना जाता था। मान्यता है कि सूर्य और माता कुंती के पुत्र कर्ण प्रतिदिन सुबह गंगा नदी में कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य की उपासना करते थे। वह घंटों तक सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते थे। कर्ण दुर्योधन के परम मित्र थे और दुर्योधन ने उन्हें अंग देश का राजा बनाया था।
अंगराज कर्ण ने बिहार में कैसे लोकप्रिय की सूर्य उपासना?
अंग देश का राजा बनने के बाद कर्ण अपनी प्रजा की सुख-समृद्धि और कल्याण के लिए नियमित रूप से सूर्य देव की पूजा करते थे। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद वह जरूरतमंद लोगों को दान भी देते थे। उनकी दानशीलता के कारण उन्हें दानवीर राजा कहा जाने लगा। अपने राजा को प्रतिदिन सूर्य की आराधना करते देखकर अंग देश की जनता भी प्रभावित हुई। धीरे-धीरे लोगों ने भी सुख-समृद्धि की कामना के साथ कार्तिक मास में सूर्य देव को अर्घ्य देना शुरू किया। समय के साथ यह परंपरा बिहार के घर-घर में छठ महापर्व के रूप में प्रचलित हो गई।
रामायण काल से भी जुड़ी है छठ महापर्व की मान्यता
छठ पूजा की परंपरा को रामायण काल से भी जोड़कर देखा जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, लंका पर विजय प्राप्त करने के बाद भगवान श्रीराम माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौट रहे थे। इसी दौरान वे मुद्गल ऋषि के आश्रम में रुके थे। बताया जाता है कि यह आश्रम वर्तमान में बिहार के मुंगेर जिले में कष्टहरनी घाट के पास गंगा नदी के बीच स्थित सीता चरण मंदिर से जुड़ा है। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन माता सीता ने यहां विधि-विधान से सूर्य देव की उपासना की थी।
छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा का विशेष महत्व
छठ पूजा प्रकृति की उपासना से जुड़ा अनूठा पर्व माना जाता है। इस महापर्व में भगवान सूर्य के साथ छठी मैया की पूजा का भी विशेष विधान है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया को भगवान सूर्य की बहन और ब्रह्माजी की मानस पुत्री माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि उनकी कृपा से परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है और संतान को दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है।
कृषि और ऋतु परिवर्तन से भी जुड़ा है छठ महापर्व
छठ पूजा का संबंध धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रकृति और कृषि से भी जुड़ा हुआ है। यह पर्व ऋतु परिवर्तन का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान खेतों में खरीफ की फसल यानी धान की कटाई पूरी हो जाती है और रबी की फसल यानी गेहूं की बुआई का समय होता है। किसान अच्छी खरीफ पैदावार के लिए सूर्य देव का आभार व्यक्त करते हैं और आगामी रबी फसल की अच्छी पैदावार के लिए प्रार्थना करते हैं। बिहार के कृषि प्रधान समाज में सूर्य देव की आराधना और समृद्धि की कामना के कारण छठ महापर्व का विशेष महत्व माना जाता है।









