
‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के तहत नशे के खिलाफ जारी युद्ध को जन आंदोलन में बदलने के लिए समस्त पंजाबियों से सहयोग की अपील की है। मुख्यमंत्री ने एक ऑडियो संदेश के जरिए नशा मुक्त पंजाब बनाने के लिए जनता से सक्रिय भागीदारी की मांग की।
पिछली सरकारों के संरक्षण के कारण फैला था नशा – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारों के संरक्षण के कारण नशे की समस्या पंजाब में फैल गई थी। उनकी सरकार ने अब इस गंभीर समस्या को सुलझाने के लिए व्यापक स्तर पर सख्त कदम उठाए हैं और पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है।
व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर से नशा तस्करी की जानकारी देने की अपील
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9779100200 पर साझा करें। उन्होंने कहा कि जानकारी देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
नशे के खिलाफ लड़ाई में जनता का समर्थन जरूरी – मुख्यमंत्री
भगवंत सिंह मान ने यह भी कहा कि नशों के खिलाफ यह जंग तभी जीती जा सकती है जब आम जनता इसमें सक्रिय रूप से शामिल हो। उन्होंने इस अभियान को एक बड़े जन आंदोलन के रूप में सफल बनाने की आवश्यकता जताई।