
बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ आ चुका है, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जनता दल यूनाईटेड (जदयू) में शामिल होने का ऐलान किया। वीर चंद्र पटेल रोड स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं मौजूद नहीं थे, लेकिन जदयू कार्यकर्ताओं का उत्साह देखा जा सकता था। निशांत कुमार ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि वह एक कार्यकर्ता के रूप में सेवा करेंगे और बिहार की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।
निशांत कुमार ने जदयू में शामिल होने के बाद कहा, “मैं जदयू के कार्यकर्ताओं, नेताओं और बिहार की जनता को नमन करता हूं। मैं आज से पार्टी का सदस्य बन चुका हूं। एक कार्यकर्ता के रूप में मैं सेवा करता रहूंगा। मेरे पिता ने राज्यसभा जाने की घोषणा की है, यह उनका व्यक्तिगत फैसला है, और मैं इस फैसले का पूरी तरह सम्मान करता हूं।” उन्होंने बिहार और देश की जनता से अपील की कि वे उनके पिता नीतीश कुमार पर विश्वास बनाए रखें, क्योंकि उन्होंने राज्य के विकास के लिए बहुत काम किया है।
जनता को क्या संदेश दिया निशांत ने?
निशांत कुमार ने अपने संबोधन में बिहार की जनता को विशेष संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने बिहार की जनता के लिए जो काम किया है, वह काम वह आगे बढ़ाएंगे। “आप सब ने जो विश्वास किया है, उस पर खड़ा उतरने की कोशिश करूंगा। मेरे पिता ने जो किया, वह सबको याद रहेगा। जनता को उन पर गर्व है। वह अपना जीवन बिहार के लिए समर्पित कर चुके हैं। अब से मैं अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कर रहा हूं और इसके लिए मुझे आपके आशीर्वाद की आवश्यकता है,” निशांत ने कहा।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को किया नमन
निशांत कुमार ने जदयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया, जिनकी मेहनत और संघर्ष से पार्टी आज यहां तक पहुंची है। जदयू कार्यालय में कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ दिखाई दे रहा था, जहां वे सीएम नीतीश कुमार और निशांत के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। कई कार्यकर्ता घोड़ा और हाथी लेकर पहुंचे थे, जो पार्टी के उत्सव का हिस्सा बने थे। पुलिस ने भी स्थिति को संभालने के लिए जदयू कार्यालय में तैनाती की थी।
निशांत कुमार का बिहार दौरा
जदयू के वरिष्ठ नेता और एमएलसी नीरज कुमार ने बताया कि निशांत कुमार ने पार्टी में शामिल होने के बाद पूरे बिहार का दौरा करने का फैसला किया है। जल्द ही वह संगठन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि यह निशांत का राजनीति में कदम रखना एक बड़ा मास्टर स्ट्रोक है, जो पार्टी के लिए फायदेमंद साबित होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, निशांत कुमार को भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे चाहते हैं कि नीतीश कुमार के बाद निशांत कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बनें, क्योंकि वे बिहार के विकास को और आगे बढ़ा सकते हैं।









