
नई दिल्ली: NEET परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में मचे बवाल के बीच, नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए आजाद ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया।
‘सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा खेल’
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि बिना राजनीतिक और सत्ता के संरक्षण के इतना बड़ा पेपर लीक संभव ही नहीं है। उन्होंने कहा, “पेपर माफिया आज सरकार का मजाक उड़ा रहे हैं। जब तक सरकार के भीतर बैठे लोगों का हाथ नहीं होगा, तब तक कोई माफिया इतनी हिम्मत नहीं कर सकता।” उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार परीक्षाएं स्थगित होने से लाखों बच्चों का भविष्य और उनका मनोबल बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
‘हर मोर्चे पर फेल है सरकार’
सरकार की कार्यक्षमता पर सवाल उठाते हुए आजाद ने कहा कि जो सरकार देश की सीमाओं (बॉर्डर) को सुरक्षित नहीं रख पा रही, वह अब एक निष्पक्ष परीक्षा कराने में भी नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा, “हमें इस सरकार से अब कोई उम्मीद नहीं बची है, यह हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल हो चुकी है।”
युवाओं के हक की लड़ाई का संकल्प
चंद्रशेखर आजाद ने चेतावनी दी कि अगर युवाओं को न्याय नहीं मिला और पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और छात्रों के मानसिक उत्पीड़न को रोका जाए।









