
Bihar Crime Issue. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में बढ़ते अपराध के मुद्दे पर गंभीर चिंता जाहिर की है। उन्होंने एक्स (Twitter) पर एक पोस्ट में कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था आज एक गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। उन्होंने लिखा, प्रतिदिन हत्याएं हो रही हैं और अपराधियों का मनोबल आसमान पर है।
अपराधियों की कानून को चुनौती
चिराग पासवान ने आगे कहा पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली समझ से परे है। आज पटना के रिहायशी इलाके में स्थित पारस अस्पताल के अंदर घुसकर अपराधियों द्वारा सरेआम गोलीबारी की घटना इस बात का प्रमाण है कि अपराधी अब कानून और प्रशासन को सीधी चुनौती दे रहे हैं। यह घटना बिहार की बिगड़ती लॉ एंड ऑर्डर स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाती है।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चिंता
चिराग ने यह भी कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बढ़ते अपराधिक मामले चिंताजनक हैं। उन्होंने आशा जताई कि प्रशासन जल्द ही कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस और कड़े कदम उठाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह मुद्दा उठाते हुए कहा अब और कितनी हत्याएं बिहारियों को झेलनी पड़ेंगी? यह समझ से परे है कि बिहार पुलिस की क्या जिम्मेदारी है।
हालिया हत्याओं की घटनाएं
चिराग पासवान का यह बयान तब आया जब हाल ही में व्यवसायी गोपाल खेमका की उनके घर के सामने बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पटना में रमाकांत यादव और एक वकील की हत्या भी बदमाशों ने की। अब हाल ही में पारस अस्पताल में घुसकर एक कैदी की हत्या कर दी गई है। इन घटनाओं ने बिहार के लॉ एंड ऑर्डर पर गंभीर सवाल उठाए हैं।









