
चित्रकूट। जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव के पास सोमवार को एक खाली प्लाट में मिले मानव अंगों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट में एक युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए। प्लाट में एक जला हुआ पैर बरामद हुआ, जबकि दूसरा पैर कर्वी-राजापुर हाईवे के पार करीब 200 मीटर दूर एक खेत में पड़ा मिला।
कैसे हुआ धमाका?
जगदीश गौतम का अशोह में कर्वी-राजापुर हाईवे किनारे करीब 10 बीघा का प्लाट है, जिसके चारों ओर करीब आठ फीट ऊंची बाउंड्री और गेट लगा है। प्लाट की देखरेख करने वाले गांव के श्यामसुंदर यादव ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे वह अपनी पत्नी के साथ बकरियां चरा रहा था, तभी तेज धमाका हुआ।
आवाज इतनी जोरदार थी कि चरवाहों के मुताबिक करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। उस समय उन्हें लगा कि बिजली गिरी है या किसी ने जंगली सुअर के शिकार के लिए विस्फोट किया है। रविवार देर शाम जब गेट खोलकर अंदर गए, तो वहां एक कटा और जला हुआ पैर दिखाई दिया। पास में करीब तीन फीट गहरा गड्ढा था।
दीवारों पर चिपके मिले मांस के टुकड़े
सोमवार को एसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ राजापुर फहद अली, पहाड़ी थाना प्रभारी निशिकांत राय, एसओजी प्रभारी एमपी त्रिपाठी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में प्लाट में विस्फोट होने की पुष्टि हुई। एसपी ने बताया कि दीवारों और आसपास के हिस्सों में मानव अंगों के लोथड़े चिपके मिले। जले और फटे कपड़ों के साथ कुछ मशीन के पार्ट्स भी बरामद हुए हैं। शरीर का अन्य हिस्सा अब तक नहीं मिला है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि प्लाट की बाउंड्री टूट गई, दीवारों पर मांस के टुकड़े चिपक गए और पेड़ों की पत्तियां तक नीचे गिर गईं।
विस्फोटक के प्रयोग के दौरान हादसे की आशंका
एसपी ने बताया कि प्रथमदृष्टया विस्फोटक सामग्री को तैयार करते, रखते या उसका परीक्षण करते समय यह ब्लास्ट हुआ है। यह भी आशंका है कि घटना के समय मौके पर एक से ज्यादा लोग मौजूद रहे हों। आसपास के थाना क्षेत्रों में दो दिन से किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी जुटाई गई, लेकिन अभी कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए और बम निरोधक दस्ते समेत बांदा व लखनऊ से विशेषज्ञ जांच के लिए बुलाए गए हैं। भाजपा नेता जगदीश गौतम ने बताया कि प्लाट लंबे समय से खाली पड़ा था और विस्फोट की जानकारी मिलने पर उन्होंने रविवार रात पुलिस को लिखित सूचना दी थी।
पुलिस तलाश रही शरीर के गायब अंग
धमाके में चीथड़े हुए व्यक्ति के अंगों की पुलिस प्लाट से काफी दूर तक तलाश कर रही है। पुलिस का मानना है कि जब धमाके से एक पैर सड़क पार कर करीब 200 मीटर दूर जाकर गिरा है, तो अन्य अंग भी आसपास कुछ दूरी पर गिरे होंगे। खेतों में काफी बड़ी घास होने की वजह से पुलिस को खोज में कठिनाई हो रही है।









