
Choti Diwali 2025: पंच पर्व का दूसरा दिन छोटी दिवाली होता है, जिसे नरक चतुर्दशी, काली चौदस और रूप चौदस के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन विशेष रूप से हनुमान जी की पूजा की जाती है, और उनके नाम का दीपक जलाना महत्वपूर्ण होता है। मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन हनुमान जी का जन्म हुआ था। ज्योतिषियों के अनुसार, इस दिन हनुमान जी की विशेष पूजा से सभी दुखों और पापों का नाश हो सकता है।
तो आइए जानते हैं कि छोटी दिवाली की रात हनुमान जी के लिए किस प्रकार दीपक जलाना चाहिए
सरसों के तेल का दीपक
नरक चतुर्दशी की रात हनुमान जी की पूजा करते समय सरसों के तेल का दीपक जलाना चाहिए। दीप जलाकर ‘ऊं हं हनुमते रुद्रात्मकाय हुं फट्’ मंत्र का जाप करें। इस उपाय से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है।
चौमुखी दीपक
नरक चतुर्दशी की रात हनुमान जी की पूजा में चौमुखी दीपक भी जलाना बहुत शुभ माना जाता है। इसे घर के ईशान कोण में शुद्ध देसी घी या सरसों के तेल से जलाकर रखना चाहिए।
आटे का दीपक ऐसे जलाएं
अगर हनुमान जी की पूजा के दौरान आटे के दीपक का उपयोग किया जाए, तो यह भी बहुत लाभकारी माना जाता है। इसमें चमेली का तेल डाला जाता है, और इसे हनुमान मंदिर में रखकर आना चाहिए। इस उपाय से शनि दोष से जुड़ी बाधाओं को दूर किया जा सकता है।
यम का दीपक
छोटी दिवाली पर आज शाम 05 बजकर 50 मिनट से लेकर 07 बजकर 02 मिनट तक यम का दीपक जलाने का विशेष मुहूर्त रहेगा। इसके बाद यम देवता से प्रार्थना करें कि जीवन से अकाल मृत्यु का भय दूर हो जाए।









