दिल्ली पुलिस को चकमा देकर गेट फांद जंतर-मंतर में घुसे CJP नेता… पुलिस ने आशुतोष रांका और सौरव दास को किया गिरफ्तार…

CJP नेता आशुतोष रांका और सौरव दास दिल्ली पुलिस को चकमा देकर जंतर-मंतर के गेट से अंदर घुसे। पुलिस ने हिरासत में लिया, FIR की तैयारी।

राजधानी दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी वाले जंतर-मंतर इलाके में मंगलवार सुबह भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग के बावजूद बड़ा हंगामा देखने को मिला। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रमुख प्रवक्ता सौरव दास और नेता आशुतोष रांका तड़के दिल्ली पुलिस की ढीली सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर जंतर-मंतर के भीतर दाखिल होने में कामयाब हो गए। जब तक तैनात पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, तब तक आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने पास के जनता दल यूनाइटेड (JD-U) कार्यालय की ओर से गेट फांदकर प्रतिबंधित स्थल पर तिरंगा फहरा दिया।

बता दें, इस अप्रत्याशित घुसपैठ के तुरंत बाद अलर्ट हुई दिल्ली पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने से ठीक पहले आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप भी जारी किया, जिसमें वे और उनके साथी पुलिस को गच्चा देकर जंतर-मंतर परिसर के अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के इस्तीफे और विरोध स्थल के अधिकारों को लेकर चल रहे इस विवाद के बीच जंतर-मंतर का घेराव करने की कोशिशों ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है। सूत्रों के अनुसार, प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने और सुरक्षा में सेंध लगाने को लेकर दिल्ली पुलिस इस मामले में संबंधित नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की भी तैयारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button