
लखनऊ। योगी सरकार के सुशासन मॉडल और जनसमस्याओं के त्वरित निपटारे की नीति का असर लगातार जमीन पर नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जुलाई माह की ताजा रैंकिंग में रामपुर ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले को 10 में से 9.58 अंक मिले हैं। वहीं, शाहजहांपुर 9.43 अंकों के साथ दूसरे और बरेली 9.40 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर रहा।
रामपुर ने कैसे हासिल किया शीर्ष स्थान?
रामपुर के डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड पर जिलों का आकलन कई मानकों—जैसे जनशिकायतों का समय से निस्तारण, फीडबैक की गुणवत्ता और योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन—के आधार पर किया जाता है। जुलाई महीने में रामपुर की कुल 59 योजनाओं की निगरानी की गई, जिनमें से 56 कार्यक्रमों में जिले ने ‘ए’ ग्रेड हासिल किया।
जिले ने वैकल्पिक ऊर्जा, कृषि, समाज कल्याण, पंचायती राज, लोक निर्माण विभाग, चिकित्सा-स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, पशुपालन, मत्स्य, उद्योग, सहकारिता और सिंचाई जैसे विभागों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर ‘ए’ श्रेणी बनाए रखी। रामपुर लगातार कई महीनों से सीएम डैशबोर्ड की टॉप टेन रैंकिंग में बना हुआ है।
शाहजहांपुर और बरेली का प्रदर्शन
शाहजहांपुर के डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीएम योगी की मंशा के मुताबिक जिले में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। सीएम डैशबोर्ड पर मिलने वाली शिकायतों का भी तेजी से और बेहतर तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया गया है। जुलाई रैंकिंग में शाहजहांपुर को 9.43 अंक मिले, जबकि बरेली ने 9.40 अंकों के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया।
टॉप टेन में ये जिले भी शामिल
सीएम डैशबोर्ड की जुलाई रैंकिंग में चौथे स्थान पर अंबेडकरनगर (9.34 अंक) और पांचवें पर मैनपुरी (9.30 अंक) रही। वहीं, आजमगढ़ ने 9.27 अंकों के साथ छठा, महाराजगंज ने 9.25 अंकों के साथ सातवां और बुलंदशहर व बागपत ने 9.23 अंकों के साथ संयुक्त रूप से आठवां स्थान हासिल किया। लखीमपुर खीरी 9.20 अंकों के साथ नौवें, जबकि सुल्तानपुर और सोनभद्र 9.18 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दसवें पायदान पर रहे।









