
सत्य निकेतन इलाके में हुए दर्दनाक हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने छात्रों के हित में एक ऐतिहासिक और बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि राज्य सरकार दिल्ली में पढ़ाई कर रहे 10,000 छात्र-छात्राओं के लिए बड़े पैमाने पर अत्याधुनिक छात्रावासों का निर्माण कराएगी। यह सुविधा दिल्ली के किसी भी विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगी ताकि उन्हें सुरक्षित, किफायती और सर्वसुविधायुक्त आवास मिल सके।
बता दें, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकें की जा चुकी हैं और छात्रावास निर्माण के लिए उपयुक्त जमीनों की पहचान भी पूरी कर ली गई है। वर्तमान में योजना के लिए नीति का मसौदा तैयार किया जा रहा है, जिसमें छात्रों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण भोजन और पढ़ाई के अनुकूल माहौल पर विशेष ध्यान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने देशभर से दिल्ली आने वाले छात्रों के अभिभावकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ये हॉस्टल सुरक्षा के लिहाज से इतने पुख्ता होंगे कि माता-पिता बिना किसी चिंता के अपने बच्चों को दिल्ली भेज सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को महंगे किराए और खाने-पीने की दिक्कतों से मुक्ति दिलाना है, जिससे वे बिना किसी तनाव के अपने सपनों को पूरा कर सकें।









