CM योगी का बड़ा ऐलान- 6 महीने में 1 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी, 818 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, चिकित्सा स्वास्थ्य तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग में 818 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।

‘अगले 6 महीने में 1 लाख से ज्यादा युवाओं को मिलेगी नौकरी’

सीएम योगी ने कहा कि अब तक करीब 9 लाख युवाओं को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले 6 महीने के अंदर 1 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

किन विभागों में चल रही भर्ती प्रक्रिया?

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 36 हजार युवाओं की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, जबकि होमगार्ड में 41 से 42 हजार नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से भी आने वाले महीनों में बड़ी संख्या में युवाओं को अवसर मिलने की बात कही।

‘पहले भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार था’

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की सरकारों पर भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में भर्ती प्रक्रिया में विज्ञापन से लेकर नियुक्ति पत्र वितरण तक हर स्तर पर समीक्षा की जाती है, ताकि कोई भी पात्र युवा वंचित न रहे।

स्टार्टअप और MSME में रोजगार

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, MSME सेक्टर, स्टार्टअप और रोजगार के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 24 हजार से अधिक स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं और MSME सेक्टर में 3 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार देने में सफलता मिली है।

Related Articles

Back to top button