
लखनऊ में 2026-27 की राज्य ऋण संगोष्ठी का शुभारंभ लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर सीएम ने किसानों को सम्मानित किया और कई जिलों के सहकारी बैंकों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने 2017 से पहले सहकारी क्षेत्र में माफिया का प्रभाव होने की बात करते हुए बताया कि जो सहकारी बैंक घाटे में थे, वे अब मुनाफे में आ गए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार की नीयत साफ है और यही कारण है कि हर क्षेत्र में नए बदलाव दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने FPO (Farmer Producer Organisation) को हर स्तर पर प्रोत्साहित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने और MSME सेक्टर के लोगों को बीमा कवर देने की जानकारी दी। MSME सेक्टर को अब 5 लाख तक का बीमा कवर मिला है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। ODOP (One District One Product) योजना के माध्यम से MSME सेक्टर में बदलाव आया है।
किसानों के लिए भी कई राहत योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि किसानों को मुफ्त बिजली और नहरों से सिंचाई का लाभ मिल रहा है, सस्ता लोन उपलब्ध हो रहा है और सोलर पैनल भी दिए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बन चुका है, कृषि विकास दर 18% से अधिक है और यूपी देश में नंबर 2 की अर्थव्यवस्था बन चुका है।
सीएम ने गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान और इथेनॉल उत्पादन में उत्तर प्रदेश को नंबर वन बनाए जाने की उपलब्धियों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि नीयत साफ रहेगी तो काम दिखाई देगा और प्रदेश की तस्वीर लगातार बदल रही है।









