
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संतकबीरनगर जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 684 करोड़ रुपये की 201 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों के शासनकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार और पाप का बोलबाला था, जबकि अब प्रदेश में विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है।
संत कबीर ने पाखंड और अंधविश्वास तोड़ा
सावन की शिवरात्रि की बधाई देते हुए सीएम ने बाबा तामेश्वरनाथ धाम का जिक्र किया और कहा कि संत कबीरदास ने इसी धरती पर पाखंड के खिलाफ लड़ाई लड़ी और मगहर आकर मौत को लेकर फैले अंधविश्वास को तोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि सरकार का एक ही मकसद है—लोगों का चौतरफा विकास।
पहले त्योहारों पर संकट था, अब बदला माहौल
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा के शासन में त्योहारों के वक्त बिजली-पानी तक का बुरा हाल रहता था, गरीबों को राशन तक नहीं मिलता था और बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं। लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने माफिया और मच्छर दोनों का अंत कर दिया है, आज कोई गुंडा किसी बेटी को छेड़ नहीं सकता और न ही कोई जबरदस्ती कर सकता है।
हर जिले तक पहुंची कनेक्टिविटी, अपराधियों को मिल रही सजा
सीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का हर जिला बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है। अपराध करने वालों को सजा दी जा रही है और अब कोई माफिया खिलवाड़ नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि संतकबीरनगर में 95 लाख लोगों को पक्के आवास मिल चुके हैं और जिले की बंद पड़ी कताई मिल को लेकर भी सरकार गंभीर है।









