
यूपी मे 2022 विधानसभा चुनाव से पहले सभी दल जीत की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में सत्ताधारी पार्टी भाजपा (BJP) ने भी रैलियों की गति बढ़ा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को बीजेपी ने निषाद पार्टी के साथ मिलकर महारैली का आयोजन किया है। इस रैली में गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल हुए हैं। वहीं रैली की अध्यक्षता निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद कर रहे हैं। यह महारैली राजधानी लखनऊ के रमाबाई मैदान में आयोजित की गई।
सरकार बनाओ-अधिकार पाओ रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने जो कहा वो करके दिखाया।कौन ऐसा भारतीय होगा जो भारत की सुरक्षा के प्रति जागरूक नहीं होगा। कांग्रेस, बसपा, सपा ने कभी देश की सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया। पहली बार देखने को मिला जब प्रधानमंत्री जी ने देश की बागडोर संभाली तो विरोधी देशों को मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया।
सीएम योगी ने कहा कि सपा, बसपा की सरकारों ने मछुवारों को पट्टा देने के काम को बंद करने का प्रयास किया था, लेकिन हमारी सरकार मछुवारा समाज को मछली पालन के लिए पट्टा देने का काम कर रही है।