
चंदौली जिला मुख्यालय के महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के मैदान में सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होने नौ सौ करोड़ से अधिक लागत की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सभा के दौरान भाजपा विधायकों और केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने मंच से कई गंभीर मुद्दों को उठाया। सीएम ने सरकार की नीतियों और योजनाओं को सरकार के सामने रखा।
मुगलसराय से भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने पीडीडीयू नगर के सुभाष पार्क से चकिया तिराहे तक फ्लाइओवर ब्रिज का निर्माण कराने का मुद्दा उठाया। जबकि सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने धानापुर को सकलडीहा से अलग तहसील बनाने की मांग रखी। वहीं चकिया के विधायक कैलाश खरवार ने चंद्रप्रभा बांध के मरम्मत और क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया। इसके अलावा केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने नरायनपुर गंगा नहर को कंदवा तक पक्का कराने की मांग रखी।
भारत विश्व की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश
सीएम योगी ने मंच पर अपना संबोधन बाबा कीनाराम की जयकारे के साथ शुरू किया। उन्होने कहा कि देश और प्रदेश की सरकारें निरंतर विकास कार्यो को गति दे रही है। पीएम के बेहतर नीतियों के चलते आज भारत विश्व की पांच बड़ी अर्थव्यवस्था वालों देशों में शामिल हो चुका है। उन्होने कहा कि प्रदेश के अन्य जनपदों के साथ चंदौली में भी विकास की गति तेज हुई है। जनता को देश में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। इस दौरान लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश सिंह, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, शमशेर सिंह, सुरेंद्र सिंह ने सभा को संबोधित किया।









