कांग्रेस ने जारी की मंत्रियों की लिस्ट, जी. परमेश्वर बने डिप्टी सीएम; यतींद्र सिद्धारमैया को पहली बार मिली कैबिनेट में जगह

डी.के. शिवकुमार के साथ 13 मंत्री लेंगे शपथ, यू.टी. खादर ने स्पीकर पद से इस्तीफा देकर मंत्रिपरिषद में ली एंट्री; सीनियरिटी, जाति और क्षेत्रीय समीकरणों को साधते हुए तैयार की गई टीम

बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए डी.के. शिवकुमार के शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले कांग्रेस ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए बुधवार को 13 कैबिनेट मंत्रियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी। पार्टी ने वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर को उप-मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया पहली बार कैबिनेट में शामिल होंगे।

स्पीकर पद छोड़ यू.टी. खादर ने ली मंत्रिपरिषद में एंट्री

मंत्रियों की सूची में एक बड़ा नाम कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष रहे यू.टी. खादर का भी है, जिन्होंने अपने पद से इस्तीफा देकर मंत्रिपरिषद में शामिल होने का रास्ता चुना। डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया को छोड़कर सूची में शामिल बाकी सभी चेहरे पहले भी मंत्री रह चुके हैं, जिससे अनुभव और नई ऊर्जा का संतुलन साधने की कोशिश नजर आती है।

इन नेताओं को मिली कैबिनेट में जगह

शपथ लेने वालों में एम.बी. पाटिल, के.जे. जॉर्ज, के.एच. मुनियप्पा, सतीश जरकीहोली, रामलिंगा रेड्डी, कृष्णा बायरेगौड़ा, प्रियांक खड़गे, ईश्वर खंड्रे, बिरथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल के नाम शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कई दिनों के गहन मंथन और नेताओं के बीच चली लंबी बातचीत के बाद इस सूची को अंतिम रूप दिया गया, जिसमें सीनियरिटी, जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है।

Related Articles

Back to top button