बारिश में ऑफिस में तेजी से फैल रही पिंक आई, एक ही टेबल-प्रिंटर छूने से बढ़ रहा खतरा; ऐसे करें बचाव

नई दिल्ली। बारिश के मौसम में कंजंक्टिवाइटिस यानी पिंक आई की समस्या आम हो जाती है, लेकिन ऑफिस जैसी बंद जगहों पर यह बीमारी और भी तेजी से फैलती है। दिनभर एक ही मीटिंग रूम, प्रिंटर, टेबल और पैंट्री को कई लोग छूते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में जरा सी लापरवाही पूरे ऑफिस को इसकी चपेट में ला सकती है।

क्या है पिंक आई और क्यों होती है?

कंजंक्टिवाइटिस हमारी आंखों के सफेद हिस्से और पलकों के अंदरूनी हिस्से को ढकने वाली पतली झिल्ली में होने वाली सूजन या संक्रमण है। जब यह झिल्ली सूज जाती है, तो आंख लाल या गुलाबी नजर आने लगती है। यह दिक्कत वायरल इन्फेक्शन, बैक्टीरिया, एलर्जी या धूल-मिट्टी जैसी वजहों से हो सकती है। एलर्जी वाला कंजंक्टिवाइटिस एक से दूसरे इंसान में नहीं फैलता, लेकिन वायरल और बैक्टीरियल पिंक आई बेहद संक्रामक होती है।

कैसे फैलता है संक्रमण?

ऑफिस में संक्रमित चीजों को छूने, एक ही तौलिया या हैंड टॉवल शेयर करने, दूसरे का आई मेकअप, कॉन्टैक्ट लेंस या चश्मा इस्तेमाल करने से पिंक आई तेजी से फैलती है। इसके अलावा, संक्रमित शख्स के साथ लगातार बंद जगह में रहने से भी संक्रमण का खतरा बना रहता है।

क्या हैं इसके लक्षण?

इस संक्रमण की वजह से आंखें लाल या गुलाबी हो सकती हैं, लगातार पानी आना, जलन या खुजली होना, आंखों में कुछ चुभने जैसा एहसास होना, पलकों में सूजन और आंखों से चिपचिपा डिस्चार्ज निकलना इसके प्रमुख लक्षण हैं। बैक्टीरियल पिंक आई में डिस्चार्ज इतना ज्यादा होता है कि सुबह उठने पर पलकें आपस में चिपक जाती हैं। ऐसे कोई भी लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

ऑफिस में कैसे करें बचाव?

अपने हाथों को बार-बार कम से कम 20 सेकंड तक साबुन और पानी से अच्छी तरह धोएं। कीबोर्ड, माउस, टेलीफोन और टेबल जैसी कॉमन चीजों को छूने के बाद हाथ जरूर सैनिटाइज करें और आंखों को छूने से बचें। अपने कॉस्मेटिक्स, आई ड्रॉप्स और कॉन्टैक्ट लेंस जैसी निजी चीजें किसी के साथ शेयर न करें। अगर आपको पिंक आई हो गई है, तो पूरी तरह ठीक होने तक ऑफिस न आएं। खुद से कोई आई ड्रॉप न लें, हमेशा डॉक्टर की सलाह से ही दवा लें।

Disclaimer: लेख में दी गई सलाह और सुझाव केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से हैं। इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी सवाल या समस्या के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।

Related Articles

Back to top button