वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के नाम पर विवाद, सपा -कांग्रेस ने खोला मोर्चा

वाराणसी : उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के खिलाड़ियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्टूबर को वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के रूप में बड़ी सौगात दिया। खिलाड़ियों को मिले इस सौगात पर अब विवाद शुरू हो गया है। दरअसल स्टेडियम का नाम डॉक्टर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम से वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स किए जाने पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर संपूर्णानंद के नाम को हटाए जाने को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है। स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री का नाम दोबारा रखे जाने की मांग किया गया है। सपा और कांग्रेस के नेताओं ने चेतावनी दिया है, कि यदि स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर संपूर्णानंद के नाम पर नहीं रखा गया तो बड़ा आंदोलन करेंगे।

सपा और कांग्रेस के साथ कायस्थ सभा ने किया प्रदर्शन

वाराणसी स्टेडियम का नाम डॉक्टर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के नाम को वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स किए जाने पर जहां एक तरफ सपा और कांग्रेस ने मोर्चा खोला, तो वही दूसरी ओर कायस्थ महासभा ने भी इसकी आलोचना करते हुए प्रदर्शन किया है। समाजवादी महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव और एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने सड़क पर उतर कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान डॉक्टर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम लिखे बोर्ड को वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के गेट पर टांग दिया। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीर भी स्पोर्ट कांप्लेक्स के गेट पर टांग केंद्र और राज्यसरकार पर विभूतियों के नाम को हटाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। वही कांग्रेस ने स्टेडियम का नाम पूर्व की तरह किए जाने को लेकर जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा।

बीजेपी के कैबिनेट मंत्री ने संभाला मोर्चा, नाम न बदलने का किया दावा

वाराणसी में स्टेडियम के नाम बदले जाने के विवाद पर सरकार की हो रही आलोचनाओं के बीच कैबिनेट मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल का बयान सामने आया। स्टेडियम के नाम को लेकर इन्होंने विपक्ष पर बेवजह राजनीति करने का आरोप लगाया। रविंद्र जायसवाल ने कहा कि स्टेडियम के नाम बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं आया है। किसी भी स्थान का नाम बदलने की एक प्रक्रिया होती है, विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है इस लिए वह राजनीति कर रहे है। रविंद्र जायसवाल ने वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स नाम को लेकर बताया कि स्टेडियम में जो कांप्लेक्स नवनिर्मित हुए है, उसका नाम वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स है ना कि पूरे स्टेडियम का नाम वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स किया गया है। कांग्रेस और सपा के नेता लोगो को बरगलाने का काम कर रहे है।

Related Articles

Back to top button