
भारतीय रेलवे की प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्था रिसर्च डिजाइन्स एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गेनाइजेशन (RDSO), लखनऊ में भ्रष्टाचार के खिलाफ CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। 15 सितंबर 2026 को सीबीआई ने रिश्वतखोरी के एक गंभीर मामले में RDSO के दो वरिष्ठ अधिकारियों और कोलकाता की एक निजी कंपनी के दो प्रतिनिधियों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें, गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में RDSO के एक डिप्टी डायरेक्टर और एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर शामिल हैं। आरोप है कि ये दोनों अधिकारी कोलकाता की निजी कंपनी के नुमाइंदों के साथ मिलीभगत कर रहे थे। वे कंपनी की फैक्ट्री के प्लांट और मशीनरी निरीक्षण की रिपोर्ट को उसके पक्ष में तैयार करने के एवज में भारी-भरकम रिश्वत की मांग कर रहे थे।
मामले की पुख्ता जानकारी मिलने पर सीबीआई की टीम ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित एक होटल में जाल बिछाया। टीम ने चारों आरोपियों को उस वक्त रंगे हाथ धर दबोचा जब 4 लाख रुपये की रिश्वत का लेन-देन हो रहा था। सीबीआई ने मौके से रिश्वत की राशि के अलावा 4.73 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी भी बरामद की है। फिलहाल सीबीआई सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके ठिकानों की तलाशी जारी है।









