
दिल्ली- दिल्ली में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी की वजह से कई इलाकों में पानी की कमी होने लगी है. जिसकी वजह से अब दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने बुधवार को सख्त रुख अपनाते हुए दिल्ली जल बोर्ड को आदेश दिया है कि जो भी पानी की बर्बादी करे उस पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जाए.
ये जुर्माना कारों को धोने के लिए होज का इस्तेमाल करने, पानी की टंकियों के ओवरफ्लो होने और निर्माण और कॉमर्शियल परपज के लिए घरेलू पानी के इस्तेमाल करने पर लगाया जाएगा. जल मंत्री ने दिल्ली जल बोर्ड को पानी की बर्बादी रोकने के उपायों को लागू करने के लिए शहर भर में तुरंत 200 टीमें तैनात करने का निर्देश दिया है.हालांकि पानी की समस्या से प्रभावित इलाकों के लोगों का कहना है कि वे सिर्फ अभी से नहीं, बल्कि कई दशकों से पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं.
दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने मंगलवार को कहा था कि हरियाणा सरकार एक मई से अपनी नहरों से दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं दे रही है, जिसकी वजह से दिल्ली में पानी की समस्य़ा बढ़ रही है.
पानी की कमी की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की कमी को लेकर दिल्ली सरकार ने आपातकालीन बैठक बुलाई है। गुरुवार 12 बजे आतिशी और सौरभ भारद्वाज बैठक करेंगे। मुख्य सचिव समेत सभी सीनियर अधिकारी बैठक में मौजूद रहेंगे.









