
दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज बदल चुका है और अब इसके साथ-साथ एक चक्रवाती तूफान ‘Montha’ बनने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के क्षेत्र में जल्द ही तूफान का रूप ले सकता है। 26 अक्टूबर से 30 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, रायलसीमा और सौराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
IMD के बयान में कहा गया है कि यह डिप्रेशन पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 27 अक्टूबर तक गहरे दबाव में बदल सकता है और 28 अक्टूबर की सुबह तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इस दौरान, तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी चेतावनी दी गई है।
इस तूफान का असर न केवल दक्षिण भारत के राज्यों पर बल्कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के साथ-साथ सौराष्ट्र और रायलसीमा पर भी दिखाई देगा। इससे स्थानीय क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है, साथ ही मौसम विभाग ने समुद्र में मछुआरों को न जाने की सलाह दी है। इस तूफान के दौरान कई स्थानों पर जलभराव और जनजीवन में विघ्न आ सकता है, जिसे देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने का आदेश दिया गया है।









