दीपोत्सव 2021 : अयोध्या में 3 नवंबर को निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा, राम की पैड़ी पर जलेंगे 9 लाख दीपक

राम नगरी अयोध्या के दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में है। 3 नवंबर को निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा के लिए श्री राम के जन्म से लेकर लंका दहन तक के दृश्यों का सजीव मंचन करते हुए सचल वाहनों पर प्रदर्शन के लिए झांकियां तैयार की जा रही है। इन झांकियों के प्रदर्शन के साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों द्वारा लोक नृत्य का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस वर्ष दीपोत्सव कार्यक्रम में कई नई चीजें देखने को मिलेंगी। जिसमें दीपोत्सव मेला और राम बाजार भी शामिल है। इसके अलावा दीपोत्सव के मौके पर राम की पैड़ी पर 9 लाख दीपक जलाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

पांचवें दीपोत्सव में सचल थ्री-डी वाहन की झांकियां/शोभायात्रा ट्रकों पर निकाली जाएंगी, इस शोभायात्रा का समापन 2 बजे तक होगा। इसके पूर्व 2 नवम्बर को 10 बजे के आसपास इन झांकियों का रिहर्सल भी किया जायेगा। इसमें सबसे आगे ट्रक पर पुत्रेष्ठि यज्ञ एवं राई एवं धोबिया लोक नृत्य, दूसरी ट्रक पर गुरूकुल शिक्षा एवं फरूवाही लोक नृत्य, सहित क्रमवार लंका दहन तक कि 11 झांकिया निकली जाएगी जिसके बीच कलाकार लोकनृत्य करते नजर आयेगें।

दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में है कार्यक्रमों की कड़ी में साकेत महाविद्यालय से रामायण पर आधारित 11 झांकियां निकाली जाएंगी। जिसका राम कथा पार्क में समापन होगा। वहीं त्रेता युग की तर्ज पर विमान से श्री राम, सीता और लक्ष्मण राम कथा पार्क पहचेंगे। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित मेहमान उनका स्वागत करेंगे। साथ ही साथ राम कथा पार्क में राज्याभिषेक भी होगा। वहीं दूसरी तरफ राम की पैड़ी पर 9 लाख दिए जलाने की तैयारी है। जिसकी जिम्मेदारी राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय को सौंपी गई जिसमें 12 हजार वालंटियर दिए जलाने के लिए लगाए जाएंगे। तो इसी कड़ी में नगर निगम भी पूरे नगर निगम क्षेत्र में दीपोत्सव मनाने के लिए घर-घर दिए बंटेगा, साथ ही पूरे अयोध्या धाम को सजाया और संवारा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button