दिल्ली : लवली पब्लिक स्कूल में 9 साल की बच्ची की अचानक मौत, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना, जानिए पूरा सच

दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के मयूर विहार इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पांडव नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मशहूर ‘लवली पब्लिक स्कूल’ में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की एक मासूम बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस आकस्मिक घटना से स्कूल परिसर और मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह की है। कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक वह बच्ची फर्श पर गिर पड़ी, जिसे देख आसपास मौजूद सहपाठियों और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षक तुरंत उसे लेकर पास के मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर (निर्माण विहार) पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बच्ची के अचानक गिरने और शिक्षकों द्वारा उसे संभालने की कोशिश साफ देखी जा सकती है।

प्राथमिक जांच में पुलिस का यही कहना है कि मौत के कारण चिकित्सीय (मेडिकल रीज़न्स) प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि किसी भी तरह के फाउल प्ले की पुष्टि फिलहाल सामने नहीं आई है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने बच्ची के माता-पिता और स्कूल के अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि इस हृदयविदारक हादसे की हर एक कड़ी को स्पष्ट किया जा सके।

Related Articles

Back to top button