
नई दिल्ली. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। पीएम मोदी और सीएम धामी के बीच उत्तराखंड से जुड़े कई मुद्दों पर बात हुई। इस दौरान सीएम धामी ने निवेशक सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया है। बता दें, दिसंबर में उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय निवेशक सम्मेलन होना है। इससे पहले सीएम धामी ने मुलाकात के दौरान पीएम मोदी को बाबा नीब करौरी का चित्र और उत्तराखंड का बासमती चावल भेंट किया। बता दें, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर हैं। इससे पहले सीएम धामी ने गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी।

सीएम धामी ने उत्तराखंड के विकास में पीएम मोदी के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके निर्देशन में उत्तराखण्ड राज्य ईज ऑफ डुईंग बिजनेस, निवेश प्रोत्साहन और स्टार्टअप क्षेत्र में निरंतर विकास कर रहा है। सीएम धामी ने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय निवेशकों को राज्य में आकर्षित करने के उद्देश्य से दिसम्बर 2023 के द्वितीय सप्ताह में देहरादून में “वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2023” आयोजित किया जाना प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को उत्तराखण्ड निवेशक सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि आमन्त्रित करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में निवेशक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न होगा.
सीएम धामी ने पीएम मोदी से इन्फ्रा प्रोजेक्ट देहरादून-टिहरी टनल परियोजना एवं पन्तनगर एयरपोर्ट का विस्तारीकरण के कार्यों में तेजी लाने का अनुरोध किया। इसके साथ ही पीएम मोदी को उत्तराखंड में गुड गवर्नेंस और विभिन्न विकास परियोजनों की जानकारी भी दी।









