Delhi CM Rekha Gupta : दिल्ली में अब से ‘रेखा राज’, जानिए कौन है दिल्ली की नई मुख्यमंत्री?

कई राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने से भाजपा महिला और वैश्य समुदाय को साधने में सफल हो सकती है।

रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की मुख्यमंत्री, महिलाओं के लिए प्रेरणा

महिला मुख्यमंत्री बनने का संघर्ष और सफलता
दिल्ली- रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी मुख्यमंत्री बनीं हैं, और एक महिला के लिए यह सफर आसान नहीं था। हमारे समाज में महिलाओं के लिए इस उच्च पद तक पहुंच पाना किसी चांद तक पहुंचने जैसा है, लेकिन रेखा गुप्ता के लिए यह सफर उनके परिवार और खासतौर पर उनके पति मनीष गुप्ता के समर्थन से ही संभव हो सका। रेखा खुद अपने इस सफर का श्रेय अपने पति और परिवार को देती हैं, क्योंकि उनका मानना है कि यदि परिवार का समर्थन न होता तो शायद वह इस मुकाम तक नहीं पहुंच पातीं।

मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता की प्रतिक्रिया
दिल्ली की मुख्यमंत्री पद के लिए निर्वाचित होने पर रेखा गुप्ता ने कहा, “यह मेरे लिए गर्व का क्षण है। मेरी दो प्रमुख प्राथमिकताएं हैं – एक तो जो कमिटमेंट हमने दिल्ली की जनता से किया है, उसे पूरा करना, और दूसरा, प्रधानमंत्री मोदी जी ने दिल्ली के लिए जो सपना देखा है, उसे साकार करना।”

पति मनीष गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान
रेखा गुप्ता अपने पति मनीष गुप्ता के योगदान को लेकर हमेशा आभारी रही हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या समझदार पति होने का फायदा उन्हें मिला है, तो मनीष गुप्ता हंसते हुए कहते हैं, “यह तो रेखा जी ही बता सकती हैं कि मैं समझदार पति हूं या नहीं, लेकिन उनका बड़प्पन यह था कि उन्होंने कहा कि उनकी सफलता में उनका कोई बड़ा रोल नहीं था, वह खुद में परिपूर्ण हैं।”

विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत
रेखा गुप्ता ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को लगभग 30,000 वोटों से हराया था। इसी सीट पर वह 2020 के चुनाव में मामूली अंतर से हार गईं थीं।

राजनीतिक करियर की शुरुआत
रेखा गुप्ता का राजनीतिक करियर दिल्ली विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के साथ शुरू हुआ। 1996 में वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डुसू) की अध्यक्ष बनीं। 2007 में वह दिल्ली के पीतमपुरा (उत्तर) क्षेत्र की काउंसलर बनीं।

व्यक्तिगत जीवन और शिक्षा
रेखा गुप्ता का जन्म 1974 में हरियाणा के जींद जिले के जुलाना में हुआ था। बचपन से ही वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ी रहीं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम और एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। 1998 में उनका विवाह मनीष गुप्ता से हुआ।

आर्थिक स्थिति
चुनाव आयोग में दाखिल उनके हलफनामे के अनुसार, 2023-24 वित्तीय वर्ष में उनकी कुल आय 6,92,050 रुपए रही है, जबकि उनके पति मनीष गुप्ता की आय 97,33,570 रुपए बताई गई है।


कई राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने से भाजपा महिला और वैश्य समुदाय को साधने में सफल हो सकती है।

Related Articles

Back to top button