पुलिस बनाम वकील की जंग : दिल्ली पुलिस मुख्यालय पर पैरामिलिट्री और RAF तैनात,कमिश्नर से जवाब मांगने पर अड़े पुलिसकर्मी

दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में वकीलों और पुलिस के बीच बढ़ा विवाद अब एक बड़े प्रशासनिक संकट का रूप लेता नजर आ रहा है। शाहदरा इलाके में हुई झड़प और वकीलों द्वारा कथित दुर्व्यवहार के बाद दिल्ली पुलिस के जवानों का गुस्सा फूट पड़ा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी छोड़ दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर जमा हो गए और प्रशासनिक फैसलों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों का आरोप है कि वकीलों के साथ हुए विवाद के बाद बिना किसी निष्पक्ष जांच के पुलिस वालों का ट्रांसफर कर दिया गया। आक्रोशित जवान सीधे दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की मांग पर अड़े हुए हैं। उनकी दोटूक मांग है कि शीर्ष अधिकारी यह स्पष्ट करें कि दबाव में आकर किस आधार पर और किन नियमों के तहत जवानों का स्थानांतरण किया गया है।

मुख्यालय के बाहर बने इस तनावपूर्ण माहौल और पुलिसकर्मियों के लगातार बढ़ते जमावड़े को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्थिति की संवेदनशीलता को भांपते हुए दिल्ली पुलिस मुख्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) तथा पैरामिलिट्री फोर्सेस को भारी संख्या में तैनात कर दिया गया है। अपनी ही पुलिस फोर्स के मुख्यालय के बाहर यूं लामबंद होने से महकमे के उच्च अधिकारियों की सांसें फूली हुई हैं और हालात पर काबू पाने के लिए बातचीत की कोशिशें जारी हैं।

Related Articles

Back to top button