
लखनऊ: आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक बस हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराना जरूरी है।
ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वाहनों के लिए निर्धारित गति सीमा का पालन अनिवार्य कराया जाए। इसके साथ ही वाहन चालकों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने को भी कहा है, ताकि सड़क पर चलने वाले वाहन सुरक्षित तरीके से संचालित हो सकें।
गृह और परिवहन विभाग को समन्वय के निर्देश
डिप्टी सीएम ने गृह विभाग, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट किया कि सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन को गंभीरता से काम करना होगा। निर्धारित गति सीमा और वाहन चालकों की स्वास्थ्य जांच जैसे जरूरी उपायों को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।









