
Development in Delhi accelerated after the departure of the ‘AAPda’ government. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए एक बार फिर ‘आपदा’ वाला तंज दोहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में राजधानी में विकास के काम ठप पड़े रहे, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद दिल्ली में तेजी से विकास हो रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक साल पहले दिल्ली को ‘आपदा’ से मिली आज़ादी शहर के विकास के लिए बेहद जरूरी थी। उन्होंने कहा कि अगर पहले की सरकार नहीं होती तो मेट्रो फेज-4 परियोजना काफी पहले पूरी हो चुकी होती। उनके अनुसार पिछली सरकार ने अपने राजनीतिक हितों के लिए लाखों दिल्लीवासियों की सुविधाओं को पीछे धकेल दिया।
पीएम मोदी ने दावा किया कि बीजेपी सरकार बनने के बाद राजधानी में विकास कार्यों में तेजी आई है और अब सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं रुकी हुई थीं, लेकिन अब उन्हें तेजी से पूरा किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेरिफेरल एक्सप्रेसवे बनने से अब लाखों वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे ट्रैफिक दबाव कम हुआ है। इसके साथ ही सरकार यमुना नदी को साफ करने के लिए भी बड़े स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले परियोजनाएं फाइलों में दबकर रह जाती थीं, जबकि अब वे जमीन पर दिखाई दे रही हैं।
पीएम मोदी ने मेट्रो विस्तार को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुरू किया गया नया मेट्रो सेक्शन राजधानी के लाखों लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। खासतौर पर ईस्ट और नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के लोगों के लिए रोजाना यात्रा पहले से आसान हो जाएगी। इसके अलावा गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर शहरों से दिल्ली के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच भी बेहतर होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दिल्ली का परिवहन ढांचा तेजी से बदल रहा है। नमो भारत ट्रेन के शुरू होने से राजधानी का पश्चिम उत्तर प्रदेश से बेहतर संपर्क हुआ है। वहीं मेट्रो फेज-4 के विस्तार के साथ दिल्ली मेट्रो नेटवर्क अब 375 किलोमीटर से ज्यादा लंबा हो गया है, जिससे शहर की कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब दिल्ली को खराब परिवहन व्यवस्था के लिए आलोचना झेलनी पड़ती थी। शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचने में घंटों लग जाते थे और खासकर महिलाओं को बस स्टॉप पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं और परिवहन सुविधाएं बेहतर हो रही हैं।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि राजधानी भारत की पहचान और ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दुनिया जब भारत जैसे बड़े लोकतंत्र के बारे में सोचती है तो उसके सामने अक्सर दिल्ली की तस्वीर आती है। इसलिए दिल्ली का विकास सिर्फ एक शहर का विकास नहीं बल्कि पूरे देश की छवि से जुड़ा हुआ है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने राजधानी में करीब 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित भी किया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री ने सरोजिनी नगर स्थित जीपीआरए टाइप-5 आवासीय क्वार्टर्स का दौरा किया और महिला आवंटियों को घर की चाबियां भी सौंपीं।









